Edited By Khushi, Updated: 31 May, 2025 11:03 AM

रांची: झारखंड में बालूमाथ के वरिष्ठ और कर्मठ पत्रकार विनय सिंह का आज प्रात: रांची स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, कल रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल उनके मित्र एवं बालूमाथ निवासी पत्रकार...
रांची: झारखंड में बालूमाथ के वरिष्ठ और कर्मठ पत्रकार विनय सिंह का आज प्रात: रांची स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, कल रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल उनके मित्र एवं बालूमाथ निवासी पत्रकार जावेद अख्तर द्वारा रांची लाया गया था। उन्हें बरियातू स्थित हेल्थ पॉइंट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा।
अत्यधिक प्रयासों के बावजूद डॉक्टर विनय सिंह की नाजुक हालत को संभाल नहीं सके और उनका निधन हो गया। दुख की इस घड़ी में परिजनों ने इलाज में लापरवाही और असंवेदनशील अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सबसे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति तब उत्पन्न हुई जब बकाया बिल का हवाला देते हुए अस्पताल प्रबंधन ने शव को परिजनों को सौंपने से इनकार कर दिया। जब यह जानकारी झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को प्राप्त हुई, तो उन्होंने मानवीय द्दष्टिकोण और संवेदनशील नेतृत्व का परिचय देते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया। उनके स्पष्ट निर्देश पर अस्पताल प्रशासन को शव तुरंत परिजनों को सौंपना पड़ा।
मंत्री डॉ. अंसारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि राज्य के किसी भी अस्पताल को मृत्यु के उपरांत शव को बकाया राशि के नाम पर रोकने का कोई अधिकार नहीं है। इस पहल के लिए दिवंगत पत्रकार विनय सिंह के परिजनों और समस्त पत्रकार समाज ने मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया है। मंत्री की यह दयालुता, मानवीय दृष्टिकोण और सशक्त नेतृत्व राज्य भर में एक मिसाल है, जो समय-समय पर सामने आती रहती है।