NIA ने मानव तस्करी के 4 आरोपियों के खिलाफ दाखिल किया आरोपपत्र

Edited By Diksha kanojia, Updated: 28 Feb, 2021 10:54 AM

nia files charge sheet against 4 accused of human trafficking

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) अधिकारी ने बताया कि इन चारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, अंतरराज्यीय प्रवासी श्रमिक (रोजगार एवं सेवा शर्तें नियमन) अधिनियम और किशोर न्याय (देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम की धाराओं के तहत आरोप दर्ज किये गये हैं। उन्होंने...

 

रांचीः झारखंड और दिल्ली में नौकरी दिलाने वाली एक एजेंसी की आड़ में मानव तस्करी का गिरोह चलाने वाले चार लोगों के खिलाफ एनआईए ने शनिवार को आरोपपत्र दाखिल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपपत्र में सुनीता देवी, पन्ना लाल महतो, गोपाल उरांव और शिव शंकर गंझू को नामजद किया गया है। हालांकि, सुनीता फरार है।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) अधिकारी ने बताया कि इन चारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, अंतरराज्यीय प्रवासी श्रमिक (रोजगार एवं सेवा शर्तें नियमन) अधिनियम और किशोर न्याय (देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम की धाराओं के तहत आरोप दर्ज किये गये हैं। उन्होंने बताया कि महतो (37) की गिरफ्तारी के बाद यह मामला 19 जुलाई 2019 को झारखंड के खूंटी जिले में दर्ज किया गया था। झारखंड और दिल्ली में मानव तस्करी का एक गिरोह चलाने को लेकर उसे गिरफ्तार किया गया था। एनआईए ने मामले की जांच की जिम्मेदारी पिछले साल जून में संभाली थी।

एनआईए अधिकारी ने बताया कि कथित मानव तस्करी गिरोह का सरगना महतो अपनी पत्नी सुनीता के साथ दिल्ली में छह ‘प्लेसमेंट एजेंसियों' (नौकरी दिलाने वाली एजेंसी) की आड़ में मानव तस्करी का गिरोह चलाता था। अधिकारी ने बताया कि वे लोग झारखंड से गरीब और भोले-भाले लड़के-लड़कियों की दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में नौकरी दिलाने के बहाने तस्करी किया करते थे। तस्करी के इस जाल में फंसने वाले लोगों का शोषण किया जाता था और उन्हें कभी वादे के अनुरूप मेहनताना नहीं दिया जाता था। महतो के करीबी सहयोगी उरांव और गंझू को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि जांच में यह खुलासा हुआ कि ये दोनों दिल्ली में तीन प्लेसमेंट एजेंसियों के मालिक थे और मानव तस्करी गिरोह चलाने में संलिप्त थे। एनआईए अधिकारी ने बताया कि गिरोह का भंडाफोड़ करने की कवायद के तहत अब तक 22 पीड़ितों की पहचान की गई, उन्हें मुक्त कराया गया और उनसे पूछताछ की गई है। मामले की जांच जारी है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!