Edited By Nitika, Updated: 14 Oct, 2023 09:57 AM

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति और अगले सप्ताह से शुरू होने वाले दुर्गा पूजा उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। सोरेन ने अधिकारियों को आगामी त्योहार के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, यातायात प्रबंधन और...
रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति और अगले सप्ताह से शुरू होने वाले दुर्गा पूजा उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। सोरेन ने अधिकारियों को आगामी त्योहार के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, यातायात प्रबंधन और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री यहां राज्य सचिवालय में शीर्ष अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की स्थिति और दुर्गा पूजा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘‘दुर्गा पूजा और अन्य आगामी त्योहारों के दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में हिंसा या अशांति की कोई घटना नहीं होनी चाहिए। सूचना तंत्र मजबूत रखें और जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें।''

वहीं हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा, ‘‘महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए सुरक्षा सुनिश्चित किया जाए।'' उन्होंने कहा कि सभी बड़े पूजा पंडालों और विसर्जन जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी चालू रहना चाहिए। उन्होंने बिजली आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने को भी कहा।