भागलपुर में सनसनीखेज हत्या का खुलासा: नौकरी मांगने पहुंचे युवक की गला रेतकर हत्या, शव के टुकड़े कर फेंके

Edited By SHUKDEV PRASAD, Updated: 14 Mar, 2026 10:36 PM

bhagalpur murder case

बिहार के भागलपुर जिले में एक सप्ताह पहले बिना सिर के शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है।

Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर जिले में एक सप्ताह पहले बिना सिर के शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतक 27 वर्षीय मोहम्मद नाजिर, जो सनोखर का रहने वाला था, की हत्या उसके पूर्व नियोक्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर दी थी। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे नौकरी को लेकर हुआ विवाद मुख्य वजह बना।

नौकरी मांगने पहुंचा, लेकिन मिली मौत

मुख्य आरोपी महेंद्र मंडल, जो एक होटल संचालक है, ने पूछताछ में बताया कि नाजिर पहले उसके होटल में काम करता था। किसी विवाद के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बावजूद नाजिर कई बार होटल पहुंचकर दोबारा काम पर रखने की गुजारिश करता रहा।

बताया गया कि 5 मार्च को जब नाजिर फिर से काम मांगने आया, तो होटल के अंदर उसकी महेंद्र मंडल, उसके बेटे पुरुषोत्तम और सहयोगी बजरंगी मंडल से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गुस्से में आकर धारदार हथियार दबिया से उसका गला काटकर हत्या कर दी।

पहचान छिपाने के लिए शव के किए टुकड़े

हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बेहद अमानवीय कदम उठाया। उन्होंने शव को होटल के अंदर ही कई हिस्सों में काट दिया। इसके बाद शरीर के अलग-अलग हिस्सों को मोटरसाइकिल से घोघा थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में ले जाकर खेतों और आसपास के इलाकों में फेंक दिया। सिर को अलग कर एक तालाब में डाल दिया गया ताकि शव की पहचान न हो सके। 6 मार्च को पुलिस को बिना सिर का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

एसआईटी जांच से खुला मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिटी एसपी शैलेंद्र और एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लापता युवक नाजिर का संबंध महेंद्र मंडल के होटल से था। जब पुलिस होटल पहुंची तो महेंद्र वहां मौजूद नहीं मिला, जिससे संदेह और गहरा गया। बाद में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शुक्रवार शाम एक तालाब से कटा हुआ सिर बरामद कर लिया। इसके अलावा हत्या में प्रयुक्त दो दबिया, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और मृतक के कपड़े भी बरामद किए गए। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने मृतक की पहचान की पुष्टि की।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी महेंद्र मंडल और उसका सहयोगी बजरंगी मंडल पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। फिलहाल महेंद्र मंडल, पुरुषोत्तम और बजरंगी मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एक अन्य सहयोगी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित जांच और कार्रवाई से इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश हो गया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!