Edited By Harman, Updated: 18 Mar, 2026 01:53 PM

Bihar Crime News : बिहार के भागलपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ महज एक मामूली विवाद में एक पड़ोसी ने 15 दिन के नवजात बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी।
Bihar Crime News : बिहार के भागलपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ महज एक मामूली विवाद में एक पड़ोसी ने 15 दिन के नवजात बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी।
विवाद की वजह: छत से गिरा एक जूता
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के खरीक थाना अंतर्गत गणेशपुर गांव की है। मृतक बच्चे का नाम धर्म कुमार था, जो अपनी मां काजल कुमारी के साथ ननिहाल में रह रहा था। विवाद की शुरुआत 14 मार्च को हुई थी जब घर के एक बच्चे ने गलती से छत से पड़ोसी जयहिन्द पासवान के आंगन में एक जूता फेंक दिया था। इस बात को लेकर जयहिन्द ने काजल के परिवार के साथ काफी गाली-गलौज और मारपीट की थी। हालांकि ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपी लगातार धमकी दे रहा था।
कमरे में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जब मासूम धर्म कुमार नीचे के कमरे में अकेला सो रहा था और परिवार के अन्य सदस्य छत पर काम कर रहे थे, तभी मौका पाकर जयहिन्द पासवान कमरे में घुस गया। आरोप है कि उसने तकिये से मासूम का मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। जब काजल और उसकी बहनें नीचे आईं, तो उन्होंने जयहिन्द को कमरे से भागते हुए देखा। हड़बड़ी में आरोपी अपना मोबाइल भी मौके पर ही छोड़ गया।
विरोध करने पर परिवार पर हमला
घटना के बाद जब पीड़ित परिवार आरोपी के घर पहुंचा, तो जयहिन्द की पत्नी नीलम देवी और बेटी वर्षा कुमारी ने उन पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में काजल की छोटी बहन साक्षी कुमारी का सिर ईंट मारकर फोड़ दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा, जहां से उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा और तनाव का माहौल है।