Edited By Harman, Updated: 16 Mar, 2026 11:29 AM

Bihar Crime News : बिहार के मोतिहारी में मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिल्ली से अपने दोस्त के साथ बिहार घूमने आई एक 16 साल की लड़की के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य...
Bihar Crime News : बिहार के मोतिहारी में मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिल्ली से अपने दोस्त के साथ बिहार घूमने आई एक 16 साल की लड़की के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार बताया जा रहा है।
होटल का झांसा देकर खंडहर में ले गए दरिंदे
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता दिल्ली की रहने वाली है। वह 13 मार्च की रात अपने एक दोस्त के साथ ट्रेन से बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पहुंची थी। यहाँ से उन्हें सीतामढ़ी जाना था। रात अधिक होने के कारण जब वे स्टेशन के बाहर रुकने का ठिकाना ढूंढ रहे थे, तभी महमूद नगर निवासी अब्बास आलम और तुफैल आलम ने उन्हें होटल में कमरा दिलाने का झांसा दिया। आरोपी उन्हें अपनी बाइक पर बिठाकर एक सुनसान किराए के मकान में ले गए।
दोस्त को भगाकर किया गैंगरेप
किराए के कमरे में पहुँचाने के कुछ देर बाद आरोपी वापस आए और आधार कार्ड लेने के बहाने लड़की के दोस्त को अपने साथ ले गए। काफी देर बाद जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने नाबालिग को डराया कि उसके दोस्त को पुलिस पकड़ ले गई है। बदमाशों ने धमकी दी कि यदि उसने शोर मचाया या उनकी बात नहीं मानी, तो वे उसके दोस्त को जान से मार देंगे। इसके बाद दोनों दरिंदों ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ हैवानियत की।
पुलिस ने एक को दबोचा, दूसरे की तलाश जारी
इस बीच, मौका पाकर लड़की का दोस्त किसी तरह भागने में सफल रहा और उसने तुरंत बंजरिया थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बिना देरी किए बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की और पीड़िता को उनके चंगुल से छुड़ा लिया। अतिरिक्त थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी अब्बास आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। फरार आरोपी तुफैल आलम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।