Edited By Harman, Updated: 18 Mar, 2026 09:38 AM

बिहार में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां मार्च के महीने में ही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अचानक करवट लेते मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। आने वाले 48 घंटों में राज्य के कई...
Bihar Weather Update : बिहार में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां मार्च के महीने में ही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अचानक करवट लेते मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। आने वाले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
नालंदा रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान नालंदा जिला प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में सूरज के तीखे तेवर और उमस ने लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यदि शुष्क हवाओं का दौर जारी रहा, तो मार्च के अंत तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
20 मार्च से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है, जिसका व्यापक असर 20 मार्च से देखने को मिलेगा।
इन जिलों में असर: मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सुपौल, पूर्णिया, भागलपुर, बांका और जमुई समेत कुल 24 जिलों में 20 मार्च को धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
तेज हवाओं की चेतावनी: इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।
21 मार्च: पूरे बिहार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी
विभाग ने 21 मार्च को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा है। इस दिन बिहार के सभी 38 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस दिन पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) हो सकती है। अचानक बदलते मौसम और आंधी को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को तैयार फसलों के बचाव के निर्देश दिए हैं। वहीं, आम जनमानस को सलाह दी गई है कि गरज-चमक के दौरान ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।