Edited By Ramkesh, Updated: 26 Aug, 2026 03:59 PM

नेपाल के ऊपरी क्षेत्रों में जलग्रहण के कारण गंडक नदी के जलप्रवाह में तेजी के बाद बाढ़ की आशंका को देखते हुए बिहार सरकार ने राज्य में हाई अलटर् जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि अचानक आई बाढ़ की लहर अथवा करीब तीन मीटर तक...
पटना: नेपाल के ऊपरी क्षेत्रों में जलग्रहण के कारण गंडक नदी के जलप्रवाह में तेजी के बाद बाढ़ की आशंका को देखते हुए बिहार सरकार ने राज्य में हाई अलटर् जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि अचानक आई बाढ़ की लहर अथवा करीब तीन मीटर तक जलस्तर में अचानक वृद्धि गंडक नदी में देखी जा सकती है। इससे नदी के किनारे स्थित बिहार के जिलों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।

गंडक जलग्रहण क्षेत्र में नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा, लमजुंग और तनहूं जिलों को अचानक बाढ़ की द्दष्टि से अत्यधिक जोखिम वाला क्षेत्र चिन्हित किया गया है। कोसी जलग्रहण क्षेत्र के दोलखा और सिंधुपालचोक में भी अत्यधिक जोखिम का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा कोसी, बागमती और गंडक जलग्रहण क्षेत्रों के कई अन्य इलाकों में मध्यम जोखिम की आशंका है।

प्रदेश में बाढ़ की आशंका को देखते हुए बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। मुख्य सचिव ने स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलों को पूरी तरह सतकर् रहने तथा बचाव और राहत कार्यों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिये।