Edited By Ramanjot, Updated: 14 Apr, 2026 10:40 AM

बिहार में सत्ता परिवर्तन की सुगबुगाहट तेज है। नीतीश कुमार मंगलवार को इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद 15 अप्रैल को नई एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण होगा।
JDU Ministers List: बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। ताजा घटनाक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानी मंगलवार (14 अप्रैल) को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद बुधवार (15 अप्रैल) को राजभवन में नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
मंत्रिमंडल का संभावित स्वरूप: पुराने चेहरों पर भरोसा
नई एनडीए (NDA) सरकार के गठन की आहट के साथ ही संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, जनता दल यूनाइटेड (JDU) अपने पुराने और अनुभवी दिग्गजों पर दांव लगाने की तैयारी में है।
टॉप लिस्ट में वरिष्ठ नेता: जेडीयू कोटे से बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी का नाम सबसे आगे है। ये दोनों नेता न केवल नीतीश कुमार के अत्यंत करीबी माने जाते हैं, बल्कि वर्तमान सरकार में भी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इन दिग्गजों को फिर मिल सकता है मौका: वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार के अलावा अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खां और सुनील कुमार के भी नई कैबिनेट में शामिल होने की प्रबल संभावना है।
डिप्टी सीएम की रेस और निशांत कुमार पर सस्पेंस
इस राजनीतिक फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर हो रही थी। लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि निशांत को नई सरकार में उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही विजय चौधरी का नाम भी डिप्टी सीएम के तौर पर रेस में बना हुआ है। तमाम अटकलों के बीच अब यह स्पष्ट होता दिख रहा है कि निशांत कुमार चुनावी राजनीति या मंत्री पद को लेकर इच्छुक नहीं हैं।