Edited By Harman, Updated: 16 Mar, 2026 01:40 PM

Bihar Rajya Sabha Voting : बिहार में राज्यसभा की खाली सीटों के लिए हो रहे मतदान के दौरान विधानसभा परिसर में उस वक्त चर्चा का माहौल गर्म हो गया, जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के परिवार की दो महिला विधायक, ज्योति मांझी और दीपा मांझी, विपक्षी नेता...
Bihar Rajya Sabha Voting : बिहार में राज्यसभा की खाली सीटों के लिए हो रहे मतदान के दौरान विधानसभा परिसर में उस वक्त चर्चा का माहौल गर्म हो गया, जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के परिवार की दो महिला विधायक, ज्योति मांझी और दीपा मांझी, विपक्षी नेता तेजस्वी यादव के कमरे से बाहर निकलती देखी गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मतदान शुरू होने से ठीक पहले ज्योति मांझी और दीपा मांझी तेजस्वी यादव के कक्ष में पहुंचीं। कुछ देर तक चली इस गुप्त गुफ्तगू के बाद जब वे बाहर निकलीं, तो उनके ठीक पीछे एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान और राजद उम्मीदवार एडी सिंह भी मौजूद थे। इस दृश्य ने राजनीतिक गलियारे में इस चर्चा को हवा दे दी कि क्या एनडीए (NDA) के भीतर सब कुछ ठीक है?
'हम' (HAM) की सफाई: 'गलती से चले गए थे अंदर'
विवाद बढ़ता देख जीतन राम मांझी की पार्टी 'हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा' ने तुरंत स्पष्टीकरण जारी किया। पार्टी ने कहा कि दोनों विधायक गलती से उस कमरे में चली गई थीं और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। 'हम' ने दावा किया कि उनके पांचों विधायक एकजुट हैं और उन्होंने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में ही मतदान किया है। पार्टी ने समर्थकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
इस मुलाकात को जीतन राम मांझी की हालिया नाराजगी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मांझी ने हाल ही में याद दिलाया था कि गठबंधन के समय उन्हें दो लोकसभा और एक राज्यसभा सीट का आश्वासन दिया गया था, जिसे "पत्थर की लकीर" कहा गया था। हालांकि उन्हें केवल एक लोकसभा सीट मिली। मांझी का कहना है कि वे एनडीए के साथ हैं, लेकिन वादे को पूरा करने की मांग उठाते रहेंगे।