Edited By Harman, Updated: 11 Apr, 2026 10:35 AM

बिहार के नालंदा जिले में रिश्तों को तार-तार करते हुए एक मौसी ने ही अपने भांजे को मौत के घाट उतार दिया। वहीं इस दिल को झकझोर कर देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। इस नृशंस हत्याकांड ने हंसते खेलते परिवार को खुशियां उजाड़ दी।
Bihar Crime Updates : बिहार के नालंदा जिले में रिश्तों को तार-तार करते हुए एक मौसी ने ही अपने भांजे को मौत के घाट उतार दिया। वहीं इस दिल को झकझोर कर देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। इस नृशंस हत्याकांड ने हंसते खेलते परिवार को खुशियां उजाड़ दी।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिला अंतर्गत अस्थावां थाना क्षेत्र के चुल्हारी गांव की है। मृतक की पहचान राजू पासवान के पुत्र अशोक कुमार उर्फ कारू के रूप में की गई है। बताया जाता है कि राजू पासवान की पत्नी आरती देवी अपने मायके चुल्हारी गांव में रह रही थीं। कुछ समय पहले आरती की बड़ी बहन सुमंत्री देवी का मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया था। मोबाइल न मिलने पर सुमंत्री देवी एक बाबा के पास गईं, जिसने पानी पढ़कर दिया और कहा कि इसे घर के सभी सदस्यों को पिलाएं, जिससे चोर का पता चल जाएगा। घर में सभी ने वह पानी पिया, लेकिन आरती देवी ने इसे पीने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों बहनों के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हुआ था।
गुरुवार की रात जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी सुमंत्री देवी ने खौफनाक कदम उठाया। उसने अपने ही मासूम भांजे यानी अपनी सगी बहन आरती देवी को बेटे अशोक कुमार उर्फ कारू को बिस्तर से उठाया और पास के एक गहरे तालाब में फेंक दिया। बच्चा लापता हुआ तो पूरी रात परिजन उसे ढूंढते रहे, लेकिन सुबह तालाब में उसका शव तैरता मिला।
इधर घटना की सूचना मिलते ही अस्थावां थानाध्यक्ष उत्तम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच से स्पष्ट हुआ है कि बच्चे की मौसी ने ही उसे पानी भरे तालाब में फेंका था, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद से गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है।