Edited By Ramanjot, Updated: 12 Aug, 2023 12:40 PM

बिहार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिक मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता सुमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ‘इंडिया' गठबंधन को ‘घमंडिया' शब्द से संबोधित करना...
पटना: बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने कहा कि विपक्षी दलों के एकजुट होकर वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने के निर्णय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घबराहट हो रही है।
"बिहार प्रगति के पथ पर अग्रसर"
बिहार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिक मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता सुमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ‘इंडिया' गठबंधन को ‘घमंडिया' शब्द से संबोधित करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहंकार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है इससे प्रधानमंत्री को घबराहट है। सिंह ने कहा कि महागठबंधन की सरकार में बिहार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी मैदान से युवाओं को रोजगार देने का जो वादा किया था वह आज साकार होता दिख रहा है। बिहार सरकार के कई विभागों में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
"शिक्षा विभाग में आया क्रांतिकारी बदलाव"
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा विभाग में क्रांतिकारी बदलाव आया है। आज बिहार में मात्र 10 रुपए में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की व्यवस्था सरकार ने की है और इस वर्ष बिहार पॉलिटेक्निक कॉलेज में 100 फीसदी सीट पहले काउंसलिंग की प्रक्रिया में ही भर चुका है। सिंह ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास) के अध्यक्ष एवं जमुई से सांसद चिराग पासवान के बयान पर पलटवार करते हुए आज कहा कि पासवान तथ्यों के अभाव में जानकारी प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कानून व्यवस्था कायम है।