Edited By Harman, Updated: 20 Apr, 2025 10:28 AM

बिहार के अररिया जिला कारागार में 46 वर्षीय एक विचाराधीन कैदी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। वहीं, जेल अधिकारियों ने दावा किया कि सोहराब खान ने जेल परिसर के भीतर शौचालय में आत्महत्या कर ली। हालांकि, उसके...
अररिया: बिहार के अररिया जिला कारागार में 46 वर्षीय एक विचाराधीन कैदी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। वहीं, जेल अधिकारियों ने दावा किया कि सोहराब खान ने जेल परिसर के भीतर शौचालय में आत्महत्या कर ली। हालांकि, उसके परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि उसे जेल अधिकारियों द्वारा हिरासत में यातना दी गई थी।
सोहराब खान ने शौचालय में जाकर दी अपनी जान
जेल अधीक्षक सुजीत कुमार झा ने कहा, ‘‘खान को बृहस्पतिवार को पलासी पुलिस जेल लाई थी। उसने बेचैनी महसूस होने की जेल अधिकारियों से शिकायत की और उसे तुरंत जेल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। बाद में, अधिकारियों की जानकारी के बिना, वह शौचालय में चला गया और आत्महत्या कर ली। खान को शुक्रवार को निकटतम सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।'' बाद में, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राम कुमार सिंह ने सरकारी अस्पताल का दौरा किया और कहा, ‘‘शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। उसकी मौत जेल के अंदर हुई।''
परिजनों ने जेल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, गहन जांच की मांग की
हालांकि, मृतक के परिवार के सदस्यों ने आधिकारिक बयान से असहमति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि खान की मौत जेल कर्मियों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण हुई और उन्होंने उसकी मौत की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की।