Edited By Harman, Updated: 14 Mar, 2026 11:11 AM

Bihar Crime News : बिहार के शिवहर जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए महज दो साल के मासूम बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर अपने ही घर में छिपा दिया। इस खौफनाक हत्याकांड...
Bihar Crime News : बिहार के शिवहर जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए महज दो साल के मासूम बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर अपने ही घर में छिपा दिया। इस खौफनाक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
खेलते समय अचानक लापता हुआ मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, शिवहर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित ताजपुर गांव की है। मृतक बच्चे की पहचान अरुण साह के दो वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब सुजीत अपने घर के बाहर खेल रहा था और अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। तलाशी के दौरान संदेह के आधार पर जब पड़ोस में रहने वाली पार्वती देवी के घर की जाँच की गई, तो कमरे के भीतर बोरे में बंद बच्चे का शव बरामद हुआ।
वंश खत्म करने की दी थी धमकी
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवहर एसपी शुभांक मिश्रा और एसडीपीओ सुशील कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला पार्वती देवी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि लगभग एक महीने पहले बच्चे के परिवार से उसका विवाद हुआ था। विवाद के दौरान पार्वती देवी ने वंश खत्म करने की धमकी दी थी। इसी रंजिश को पूरा करने के लिए उसने मासूम का गला घोंट दिया।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
बच्चे के पिता असम में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। एसपी ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।