Edited By Ramanjot, Updated: 01 May, 2026 05:55 PM

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों से इस प्रक्रिया में भाग लेने और सटीक जानकारी देने का आग्रह किया।
Census 2027: झारखंड में शुक्रवार को जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत स्व-गणना शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इसके तहत लोग अपने परिवार का विवरण डिजिटल रूप से दे सकेंगे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों से इस प्रक्रिया में भाग लेने और सटीक जानकारी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, " मैं राज्य के लोगों से एक मई से शुरू हुई जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करता हूं और राज्य में जनगणना 2027 की सफलता की कामना करता हूं।" गंगवार ने कहा कि विकास नीतियों को तैयार करने में आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा, "जनगणना से वास्तविक जनसंख्या, घरों, परिवार के सदस्यों की संख्या और प्रकार, साथ ही उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी मिलती है। यह डेटा सरकार को लोगों के विकास और कल्याण के लिए नीति बनाने में मदद करता है।"
सोरेन ने अपनी पत्नी कल्पना की उपस्थिति में अपने आवास पर स्व-गणना का कार्य पूरा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत मैंने स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह केवल आंकड़े एकत्र करने का कार्य नहीं बल्कि यह हमारे झारखंड के साथ-साथ पूरे देश के भविष्य को सही दिशा में ले जाने का आधार है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं में निपुण कर्मचारियों को शामिल करके इस प्रक्रिया को हर नागरिक तक सुचारू रूप से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा, "मैं राज्य के सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय और सार्थक रूप से भाग लेने की अपील करता हूं।"
15 मई तक जारी रहेगी स्व-गणना प्रक्रिया
राज्य जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक प्रभात कुमार ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया 15 मई तक जारी रहेगी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "स्व-गणना एक सरल और सुविधाजनक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से व्यक्ति व परिवार आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दे सकते हैं।" कुमार ने सभी से इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपने घर, आवास की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं के बारे में जानकारी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनगणना का दूसरा चरण अगले साल नौ फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगा।