Edited By Khushi, Updated: 25 Oct, 2023 07:03 PM

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रांची के हरमू मैदान में आगामी 28 अक्टूबर को आयोजित संकल्प यात्रा समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रांची के हरमू मैदान में आगामी 28 अक्टूबर को आयोजित संकल्प यात्रा समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। पार्टी के झारखंड प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के कारण संकल्प यात्रा का अवकाश था। अब यात्रा का नौवां और अंतिम चरण 26 अक्टूबर से प्रारंभ होगा जो 28 को रांची में 6 विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त सभा के साथ संपन्न होगा।
उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बाघमारा विधानसभा क्षेत्र की जनसभा को और 27 अक्टूबर को ईचागढ़ और सिल्ली विधानसभा क्षेत्र की जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर को अपराह्न 2 बजे हरमू मैदान रांची में यात्रा का समापन कार्यक्रम आयोजित है जिसमें पार्टी के यशस्वी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे। डॉ वर्मा ने बताया कि समापन कार्यक्रम में 6 विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त सभा होगी, जिसकी तैयारी जोरशोर से शुरू हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में बनने वाले अमृत वाटिका के लिए झारखंड के गांव- गांव से पवित्र मिट्टी संग्रह किया गया है। राज्य के सभी 263 प्रखंड और 49 नगर निकाय को मिलाकर जमा किए गए कुल 312 कलश भी संकल्प यात्रा के समापन कार्यक्रम के दिन हरमू मैदान पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि झारखंड के कार्यकर्ताओं का सौभाग्य है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी दोनों कार्यक्रमों में शामिल होकर मार्गदर्शन करेंगे। पार्टी के कार्यकर्ताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्साह और उमंग है।