Edited By Khushi, Updated: 16 Oct, 2025 12:24 PM

रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में लगातार बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी रांची के कटहल मोड़ पर दिनदहाड़े सीमेंट कारोबारी...
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में लगातार बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी रांची के कटहल मोड़ पर दिनदहाड़े सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर हुई गोलीबारी ने यह साबित कर दिया है कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।
"झारखंड में अब कारोबार करना खतरे से खाली नहीं रहा"
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अपराधी खुलेआम तांडव मचा रहे हैं, जानलेवा हमले और गोलीबारी कर व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं, लेकिन हमारा पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। मरांडी ने कहा कि लगातार कारोबारियों पर हो रहे हमलों से व्यावसायिक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है। हालात इतने वीभत्स हो गए हैं कि झारखंड में अब कारोबार करना खतरे से खाली नहीं रहा। जब राजधानी ही असुरक्षित है, तो प्रदेश के बाकी हिस्सों की स्थिति का अंदाज़ा सहज ही लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है इस धंधे का हिस्सेदार भी पुलिस और सत्ता में बैठे लोग हैं।
"कानून व्यवस्था संभालने के बजाय पुलिस वसूली में व्यस्त है"
मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार जनता को सुरक्षा प्रदान करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। कानून व्यवस्था संभालने के बजाय पुलिस वसूली में व्यस्त है। अपराधियों को कांड करने की खुली छूट मिली हुई है, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग भयभीत हैं। उन्होंने तत्काल अपराधियों की गिरफ्तारी और प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की राज्य सरकार से मांग की।
बता दें कि रांची के कटहल मोड़ क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक दुकानदार पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रातू और नगड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। हमलावर घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।