Edited By Khushi, Updated: 03 Apr, 2026 12:00 PM

Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में शनिवार देर रात एक बड़ी आपराधिक घटना...
Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में शनिवार देर रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई। बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट में अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें कुंड मोहल्ला निवासी मोहम्मद समीर उर्फ गुड्डू खलीफा की मौत हो गई।
घटना के बाद अफरा-तफरी
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मुस्लिम नगर का रहने वाला फैज खान अपने कुछ साथियों के साथ बाजार पहुंचा। वहां उसने समीर को देखते ही उस पर कई गोलियां चला दीं। गोली लगते ही समीर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल समीर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फैज खान पहले भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। मृतक समीर उसी केस में गवाह था। इसलिए शुरुआती जांच में यह शक जताया जा रहा है कि गवाही रोकने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस ने फैज खान और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है। लोगों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।