Edited By Khushi, Updated: 06 Apr, 2026 11:57 AM

Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले में सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक अपराधी घायल हो गया, जबकि एक थाना प्रभारी को भी हल्की चोट आई है।
Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले में सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक अपराधी घायल हो गया, जबकि एक थाना प्रभारी को भी हल्की चोट आई है।
थाना प्रभारी को लगी हल्की चोट
जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में दुमुहानी पुल के पास जंगल में सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के साथ हुई। मुठभेड़ में गिरोह का एक अपराधी सन्नी सिंह, जो रेलीगढ़ा का रहने वाला है, घायल हो गया। वहीं पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल प्रसाद गुप्ता को भी हल्की चोट आई। अपराधियों ने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग की, जिससे गाड़ी के शीशे और बंपर में गोली लगी। इसी दौरान थाना प्रभारी को शीशे के कारण चोट लग गई, लेकिन वे सुरक्षित हैं।
राहुल दुबे गिरोह का सदस्य घायल
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें सन्नी सिंह के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही प्राथमिक इलाज कर उसे भुरकुंडा के CCL अस्पताल भेजा। बाद में उसे पुलिस निगरानी में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, सात खोखे और एक बैग बरामद किया है।
दरअसल, जिले में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए एसपी अजय कुमार ने एक विशेष टीम (SIT) बनाई थी, जो लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सदस्य इलाके में बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस दुमुहाना मंदिर के पास पहुंची, जहां संदिग्ध गतिविधि दिखने पर छापेमारी की गई। तभी अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और गिरोह के अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है। एसपी अजय कुमार खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं।