Edited By Khushi, Updated: 29 Mar, 2026 10:34 AM

Jharkhand News: झारखंड के कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
Jharkhand News: झारखंड के कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
हाथियों ने 4 दिनों में 3 लोगों को उतारा मौत के घाट
जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामु हरलाडीह गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। 55 साल की सीता देवी की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सीता देवी सुबह करीब 5 बजे महोदरा जंगल में महुआ चुनने गई थीं। तभी अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं।
पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल
घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। रेंज ऑफिसर रविंद्र कुमार ने पीड़ित परिवार को तुरंत 25 हजार रुपये की मदद दी। साथ ही उन्होंने कहा कि बाकी 3.75 लाख रुपये का मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिया जाएगा। इसी बीच, झरीटांड और ढेबुआडीह गांवों में भी हाथियों का आतंक जारी है। शुक्रवार रात हाथियों ने कई मवेशियों को मार डाला और गौशालाओं को भी नुकसान पहुंचाया। गांव के बाहर बंधे पशु भी हमले का शिकार बने।
इससे पहले बुधवार को मरियमपुर और बोनाकाली इलाके में भी हाथियों के हमले में दो लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि एक हाथी झुंड से अलग होकर बार-बार हमला कर रहा है, जबकि बाकी हाथियों का झुंड आसपास के जंगलों में घूम रहा है। वन विभाग की टीम लगातार कोशिश कर रही है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण हाथियों को नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है। पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है।