Edited By Khushi, Updated: 03 Aug, 2025 10:36 AM

दुमका: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की फिर से हालत बिगड़ गई है। वह फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के एक बार फिर तबीयत बिगड़ने की खबर से दुमका सहित समूचे संताल परगना के लोग चिंतित हैं।
दुमका: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की फिर से हालत बिगड़ गई है। वह फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के एक बार फिर तबीयत बिगड़ने की खबर से दुमका सहित समूचे संताल परगना के लोग चिंतित हैं।
"शिबू सोरेन स्वास्थ्य के इस जंग को भी जीतेंगे"
झारखंड आंदोलन में लम्बे अर्से तक उनके हमराही रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोग भी मायूस दिख रहे हैं और दिशोम गुरु के शीघ्र स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं। झामुमो के जिलाध्यक्ष शिव कुमार बास्की, शिबू चक्रवर्ती, मनोज पाण्डेय, रवि यादव, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह, संजीत सिंह सहित उनके मार्गदर्शन में लम्बे अर्से तक झारखंड आंदोलन का अलख जगाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता भी ईश्वर से दिशोम गुरु शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। कहते हैं कि जन- जन में लोकप्रिय दिशोम गुरु शिबू सोरेन अपने राजनीतिक व सामाजिक जीवन में हर जंग में जीत हासिल करते रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि वे स्वास्थ्य के इस जंग को भी जीतेंगे।
झामुमो सुप्रीमो के प्रबल समर्थक शिबू चक्रवर्ती कहते हैं कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपने जीवन के लम्बे सफ़र में राज्य के गरीब, शोषित व वंचित समाज की आवाज़ रहे हैं। वे जीवन भर राज्य की प्राकृतिक संपदा जल, जंगल, जमीन की रक्षा के साथ लोगों को उनके अधिकार को लेकर जागरूक करते रहे। खासकर आदिवासी समाज को नशा के प्रचलन से मुक्त होने के साथ कृषि व शिक्षा प्राप्त कर झारखंड के नव निर्माण के सपनों को साकार करने पर बल देते रहे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों के अनुरुप सदियों से समस्याओं के महाजाल में फंसे शोषित, पीड़ित समाज के लोगों के विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निजात दिलाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसके अब सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों शिबू सोरेन को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली ले जाया गया था। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी जिसके बाद से वह सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। वह कुछ दिन तक वेंटिलेटर पर भी रहे। 81 वर्षीय शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। वे एक साल से डायलिसिस पर हैं और पहले भी उनकी बायपास सर्जरी हो चुकी है।