Edited By Ramkesh, Updated: 24 May, 2026 04:32 PM

बिहार में सारण जिले के पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन स्थित रेलवे सुरक्षा बल,सीआइबी और सीपीडीएस ने संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन की बोगी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करने के साथ पांच शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।
पटना: बिहार में सारण जिले के पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन स्थित रेलवे सुरक्षा बल,सीआइबी और सीपीडीएस ने संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन की बोगी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करने के साथ पांच शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गोंदिया से बरौनी जाने वाली ट्रेन संख्या 15232 की सुरक्षा के लिए चल रहे जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर बोगी संख्या ईसी 227257 की जांच में पांच युवकों के बैग से विभिन्न ब्रांड की करीब 107 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। उक्त जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रूपया बताई जा रही है।
इस मामले में जांच टीम ने वैशाली, सारण और सोनपुर के रहने वाले सदर कुमार, सुजीत कुमार ओझा, सरोज कुमार, श्याम सुंदर कुमार और हिमांशु पांडे को गिरफ्तार कर छपरा जंक्शन पर राजकीय रेल थाना पुलिस को सौंप दिया। रेल पुलिस ने इस मामले में बिहार मघनिषेद एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30 (ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।