Bihar Crime: सभापति पर हमले का मुख्य साजिशकर्ता एनकाउंटर में ढ़ेर, रंजिश में आरोपी ने हत्या की घटना...

Edited By Ramkesh, Updated: 29 Apr, 2026 03:52 PM

bihar crime the main conspirator in the attack on the chairman was killed in an

बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति पर हुए हमले का कथित मुख्य साजिशकर्ता बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और दो निरीक्षक...

पटना: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति पर हुए हमले का कथित मुख्य साजिशकर्ता बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और दो निरीक्षक घायल हो गए। भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मंगलवार को तीन हथियारबंद अपराधी सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में सभापति राजकुमार के कक्ष में घुस गए और गोलीबारी की, जिसमें सभापति और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि कृष्ण भूषण कुमार ने स्थानीय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव बताया कि राजकुमार को पटना के एक अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जिलाधिकारी ने बताया कि सुल्तानगंज नगर परिषद की उपसभापति नीलम देवी और उनके पति रामधनी यादव ने ''व्यक्तिगत रंजिश'' में सभापति राजकुमार पर हमला करवाया। उन्होंने कहा, ''सभापति पर हमले में यादव की संलिप्तता के संकेत मिलने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। हथियार बरामद करने के लिए जब पुलिस टीम उसे एक गांव ले जा रही थी तभी उसने पुलिस दल पर गोली चला दी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, "पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से यादव घायल हो गया जिसके बाद उसे काबू कर लिया।'' उन्होंने बताया कि यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान डीएसपी नवनीत और दो निरीक्षक घायल हो गए जिनका उपचार किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामधनी यादव क्षेत्र का कुख्यात अपराधी था और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौत पर शोक व्यक्त किया और उनके परिजनों को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराने के निर्देश भी दिए। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया, ''रामधनी यादव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता एवं भाजपा प्रायोजित गुंडा था।'' उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं जिसमें आरोपी यादव, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तथा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ नजर आ रहा है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!