Edited By Ramanjot, Updated: 03 Mar, 2025 10:16 PM

बिहार सचिवालय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित 'अखिल भारतीय असैनिक सेवा संगीत, नृत्य एवं लघु नाट्य प्रतियोगिता 2024-25' का भव्य समापन सोमवार को हुआ।
पटना: बिहार सचिवालय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित 'अखिल भारतीय असैनिक सेवा संगीत, नृत्य एवं लघु नाट्य प्रतियोगिता 2024-25' का भव्य समापन सोमवार को हुआ। यह आयोजन केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड, भारत सरकार के मार्गदर्शन में ऊर्जा ऑडिटोरियम, राजवंशी नगर, पटना में सात दिनों तक चला, जिसमें देशभर से आए 570 प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसमें राहुल कुमार ने कथक नृत्य प्रस्तुत कर पूरे हॉल को भक्ति-भाव में डुबो दिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन क्लासिकल डांस, फोक डांस सोलो, वेस्टर्न डांस और फोक डांस ग्रुप जैसी चार प्रमुख विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी।
देशभर से आए कलाकारों ने बिखेरी रंगत
फोक डांस ग्रुप प्रतियोगिता में कर्नाटक सचिवालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गुजरात सचिवालय दूसरे और महाराष्ट्र सचिवालय तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, फोक डांस सोलो में ऐश्वर्या दर्शन (आरएसबी कोची) ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रवि कुमार (हरियाणा सचिवालय) और नेहा जैन (जीएनसीटी दिल्ली) क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।

नाट्य प्रतियोगिता में मुंबई का दबदबा
लघु नाटक प्रतियोगिता में आरएसबी मुंबई की प्रस्तुति "यूनिवांची गोष्ठ" ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गुजरात सचिवालय की "महात्मा बम" नाटक ने दूसरा और दिल्ली सचिवालय की "कहानी खत्म कहाँ हुई" ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में परेश एन. वालावलकर (आरएसबी मुंबई), जबकि सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के रूप में समृद्धि पाटिल (आरएसबी मुंबई) को सम्मानित किया गया।

संगीत और नृत्य में बिहार का जलवा
हिंदुस्तानी क्लासिकल वाद्ययंत्र प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के सुयोग रूईकर ने प्रथम स्थान हासिल किया। क्लासिकल डांस में सेंट्रल सचिवालय के रेजी अनूप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बिहार सचिवालय की रश्मि चौधरी ने द्वितीय स्थान पर कब्जा जमाया। वेस्टर्न डांस प्रतियोगिता में बिहार सचिवालय के रवि कुमार ने जीत हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया।
बिहार को 22 वर्षों बाद मिला ऐतिहासिक अवसर
समापन समारोह में वित्त विभाग के विशेष सचिव राहुल कुमार ने कहा, "बिहार को 22 वर्षों बाद इस आयोजन की मेजबानी करने का अवसर मिला, जो गर्व की बात है। 570 प्रतिभागियों के बीच 159 मेडल का वितरण किया गया। यह आयोजन बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाने वाला रहा।"

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने कहा, "सरकारी सेवकों के बीच इतनी अद्भुत प्रतिभा देखना आश्चर्यजनक है। इस आयोजन के माध्यम से हम भारत की सांस्कृतिक विविधता को और करीब से देख सके।"
अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा, "जो सम्मान और प्रेम आप सभी को बिहार में मिला, वह निश्चित रूप से आपके राज्यों में चर्चा का विषय बनेगा। बिहार हमेशा ऐसे आयोजनों के लिए तत्पर रहेगा।"