Edited By Ramanjot, Updated: 19 Mar, 2026 06:47 PM

अब नियुक्तियां जिलावार होंगी और अभ्यर्थियों को सभी 38 जिलों का विकल्प भरना होगा। चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर आवंटित जिले में होगा और भविष्य में 'ट्रांसफर रिक्वेस्ट' का प्रावधान खत्म करने की तैयारी है।
Bihar Teacher Vacancy: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित होने वाली चौथी शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE 4.0) इस बार नए नियमों और बदले हुए पैटर्न के साथ आएगी। शिक्षा विभाग और बीपीएससी के बीच हुई हालिया बैठकों के बाद यह साफ हो गया है कि अब भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए 'जिलावार मेरिट' प्रणाली अपनाई जाएगी।
1. जिलावार रिक्तियां और मेरिट आधारित चयन
इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह है कि नियुक्तियां अब राज्य स्तर के बजाय जिलावार निकाली जाएंगी। इसका सीधा मतलब है कि अब अभ्यर्थियों को यह पहले से पता होगा कि किस जिले में कितनी सीटें हैं। आवेदन के समय अब अभ्यर्थियों को सिर्फ 3 जिलों के बजाय बिहार के सभी 38 जिलों का प्राथमिकता क्रम भरना होगा। आरक्षण रोस्टर का पालन भी अब जिलावार किया जाएगा। जिस जिले में जितनी रिक्तियां होंगी, उसी के अनुसार वहां कैटेगरी वाइज मेरिट लिस्ट तैयार होगी।
2. 'रिक्वेस्ट सिस्टम' होगा खत्म, कम होगी ट्रांसफर की किचकिच
बीते चरणों में शिक्षकों द्वारा बार-बार मनचाहे तबादले की मांग (Request Transfer) से विभाग को काफी प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। इसे देखते हुए सरकार ट्रांसफर रिक्वेस्ट सिस्टम को खत्म करने की तैयारी में है। नियमों के अनुसार, मेरिट के आधार पर जो जिला एक बार आवंटित हो जाएगा, अभ्यर्थी को अपनी सेवा वहीं देनी होगी। इससे शिक्षा व्यवस्था में स्थिरता आने की उम्मीद है।
3. पदों का विवरण: कहां कितनी रिक्तियां?
सामान्य प्रशासन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कुल 46,595 पदों पर भर्ती की जाएगी:
शिक्षा विभाग: लगभग 45,000 पद (सबसे ज्यादा)।
अन्य विभाग: आईटीआई, बीडीओ, कृषि विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में भी नियुक्तियां होंगी।
CCI पद: 1,559 पदों के लिए परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच होगी, जिसका परिणाम नवंबर तक आने की संभावना है।
4. अभ्यर्थियों का आक्रोश और विज्ञापन की संभावित तिथि
भर्ती में हो रही देरी से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। छात्र नेता दिलीप कुमार के अनुसार, फरवरी में नोटिफिकेशन का आश्वासन मिला था लेकिन मार्च बीतने को है। 20 मार्च को शिक्षा विभाग और बीपीएससी के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक होनी है। यदि इस बैठक में सहमति बन जाती है, तो मार्च के अंतिम सप्ताह तक TRE 4.0 का आधिकारिक विज्ञापन जारी हो सकता है।