Edited By Swati Sharma, Updated: 07 Jun, 2025 05:20 PM

Motihari Crime News: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थानाक्षेत्र से पुलिस ने एक किलोग्राम से अधिक अफीम के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि ढाका थाना की पुलिस ने शुक्रवार की रात बाबा मस्तराम कॉलेज के...
Motihari Crime News: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थानाक्षेत्र से पुलिस ने एक किलोग्राम से अधिक अफीम के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि ढाका थाना की पुलिस ने शुक्रवार की रात बाबा मस्तराम कॉलेज के समीप से चार अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। सभी लोग एक कार में सवार थे। उनके पास से 1073 ग्राम अफीम और मोबाइल फोन बरामद किया गया हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र निवासी महेंद्र साह, फेनहारा थाना क्षेत्र के निवासी नंदलाल कुमार, ढाका थाना क्षेत्र निवासी उमेश महतो एवं पताही थाना क्षेत्र विवेक कुमार के रूप में की गई है।
मणिपुर से 10 लाख में खरीदकर लाया मोतिहारी
सूत्रों ने बताया कि तस्करों से पूछताछ में जानकारी मिली कि विवेक कुमार मणिपुर में पेंटर का काम करता है। उसने वहां से 10 लाख रुपए में अफीम खरीदी और तीन पैकेट में ट्रेन से उसे मोतिहारी लाया। विवेक को इस काम के लिए 50 हजार रुपए मिले। उमेश महतो ने नंदलाल से कमाई का लालच देकर कार मंगवाई थी। अफीम बंजरिया थाना क्षेत्र के दारोगा टोला में महेंद्र साह को देना था। महेंद्र के घर से दो पासबुक, आधार कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पॉलीथीन के बैग मिले हैं। जांच में पता चला कि महेंद्र यह अफीम चिरैया के हरिनाथ राय और मुजफ्फरपुर के मोहम्मद साबिर को बेचता था। पुलिस इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।