Edited By Khushi, Updated: 09 Mar, 2026 10:48 AM

Jharkhand Weather: मार्च की शुरुआत के साथ ही झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई जिलों में बादल छाने लगे हैं और हल्की बारिश की संभावना बन गई है। मौसम विभाग ने 9 और 10 मार्च को कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान...
Jharkhand Weather: मार्च की शुरुआत के साथ ही झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई जिलों में बादल छाने लगे हैं और हल्की बारिश की संभावना बन गई है। मौसम विभाग ने 9 और 10 मार्च को कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताते हुए वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
गर्जना और तेज हवा चलने की भी संभावना
झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्य जिलों में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 9 मार्च को बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं 10 मार्च को बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में आंशिक बादल रहने के साथ कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जना और तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दी सलाह
मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है। इसके प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे बादल बनने की स्थिति बन रही है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी अगले दो दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। रांची में इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
राज्य में गर्म और शुष्क मौसम का असर बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 11 मार्च से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। 12 मार्च तक ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहने की संभावना है। इसके बाद धूप बढ़ने से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि मार्च के तीसरे सप्ताह के अंत तक जमशेदपुर समेत दक्षिणी जिलों में तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बारिश का दौर खत्म होने के बाद राज्य में गर्म और शुष्क मौसम का असर बढ़ने की संभावना है।