Edited By Swati Sharma, Updated: 05 Dec, 2024 12:18 PM
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता चुने जाने पर देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार जनता से किए गए सारे वादे पूरे करेगी। सम्राट चौधरी ने महाराष्ट्र...
पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता चुने जाने पर देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार जनता से किए गए सारे वादे पूरे करेगी।
'डबल इंजन सरकार के काम की विश्वसनीयता बढ़ी'
सम्राट चौधरी ने महाराष्ट्र महायुति में शामिल शिवसेना के नेता और कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा एनसीपी (अजित) प्रमुख अजित पवार को भी नई सरकार का समर्थन करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में स्पष्ट जनादेश दिया है, जिससे डबल इंजन सरकार के काम की विश्वसनीयता बढ़ी है।
चौधरी ने कहा कि महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी जनता 2025 में एनडीए सरकार को अपार बहुमत से फिर सेवा का अवसर देगी। बता दें कि सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने मुम्बई जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वालों में केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा भी होंगे।