Edited By Swati Sharma, Updated: 10 Apr, 2025 01:38 PM

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Prasad Yadav) ने प्रदेश की विधि व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए नीतीश सरकार (Nitish Government) पर आरोप लगाया और कहा कि सरकार का...
Bihar Politics: बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Prasad Yadav) ने प्रदेश की विधि व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए नीतीश सरकार (Nitish Government) पर आरोप लगाया और कहा कि सरकार का इकबाल खत्म हो जाने से अपराधियों का हौसला बढ़ा है।
प्रदेश की सरकार का इकबाल खत्म होने से...- Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने बुधवार की रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया है कि प्रदेश की सरकार का इकबाल खत्म होने से अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। उन्होंने लिखा कि 5000 ईसा पूर्व बिहार में व्याप्त जंगलराज की आज के ही दिन की चंद बड़ी आपराधिक घटनाएं। इसके बाद उन्होंने कुछ आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया है। नेता प्रतिपक्ष ने लिखा कि सरकार का इकबाल खत्म होने पर ही अपराधियों का इस कदर हौसला बढ़ता है। उपरोक्त घटनाओं में आप अपराधियों की हिम्मत और हौसला देखिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘कुछ मीडिया संस्थान, संभ्रांत वर्ग और बुद्धिजीवी लोग इसे विधि व्यवस्था की समस्या कतई नहीं कहेंगे। क्या इन लोगों को ध्वस्त विधि व्यवस्था में संपन्न ऐसी बेकाबू आपराधिक घटनाएं भी राज्यहित में मंगलकारी प्रतीत होती है।'' उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों को भी आड़े हाथों में लेते हुए लिखा कि राजग के घटक दल क्या इन घटनाओं को हर्ष फायरिंग मान रहे हैं, जो मुह में दही जमा कर बैठे है।
अपराधियों की सरकार, अपराधियों के लिए..- Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा, ‘‘हर बात में जाति ढूंढने वाले बिहार के एक उपमुख्यमंत्री को इन अपराधों सहित सभी आपराधिक वारदातों और अपराधियों की भी जाति बता देनी चाहिए , जिससे प्रदेशवासियों को भी यथास्थिति की जानकारी रहे।'' उन्होंने कहा कि वह पूर्ण रूप से आश्वस्त हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री को तो इन घटनाओं की जानकारी भी नहीं होगी इसलिए सरकार में कोई भी व्यक्ति प्रदेश में व्याप्त अराजक स्थिति, बेलगाम अपराध एवं अनियंत्रित भ्रष्टाचार पर आधिकारिक बयान नहीं दे सकता। राजद नेता ने गुरुवार को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की सरकार पर हमला बोला। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अपराधियों की सरकार, अपराधियों के लिए। चंद दिनों में सैकड़ों हत्याएं होने के बावजूद मुख्यमंत्री के मुंह से ध्वस्त क़ानून व्यवस्था पर एक शब्द नहीं निकलता है। यादव ने इसके साथ ही प्रदेश में हुई 117 आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया है।