Edited By Swati Sharma, Updated: 10 Feb, 2025 11:35 AM
![vacant posts of engineers in road construction department will be filled soon](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2025_2image_11_34_457858107vijaysinha-ll.jpg)
Bihar Jobs: बिहार के उप मुख्यमंत्री सह पथ निर्माण मंत्री विजय कुमार सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पथ निर्माण विभाग तत्पर है और सहायक अभियंता (Assistant Engineer) के रिक्त पदों पर बहाली शीघ्र होगी। सिन्हा...
Bihar Jobs: बिहार के उप मुख्यमंत्री सह पथ निर्माण मंत्री विजय कुमार सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पथ निर्माण विभाग तत्पर है और सहायक अभियंता (Assistant Engineer) के रिक्त पदों पर बहाली शीघ्र होगी। सिन्हा ने रविवार को बताया कि पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत मुख्य अभियंता के कुल 18 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से वर्तमान में 8 पद रिक्त हैं। कुछ पदाधिकारी अतिरिक्त प्रभार में भी हैं। अधीक्षण अभियंता के कुल स्वीकृत 71 पदों के विरुद्ध भी 18 पद रिक्त हैं। कार्यपालक अभियंता के कुल स्वीकृत 273 पदों के विरुद्ध 105 पद रिक्त हैं।
Vijay Sinha ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विभागीय समीक्षा क्रम में यह बात स्पष्ट हुई है कि विगत दो-तीन महीने में वरीय पदों पर कार्यरत कई पदाधिकारी सेवानिवृत्त हुए है। जिससे विभागीय कार्य की गति प्रभावित हो रही है। पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि उन्होंने अपर मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि मुख्य अभियंता के सभी पदों पर शीघ्र पदस्थापन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वैसे पदाधिकारी जो मुख्य अभियंता के पद पर पदस्थापन की अर्हता रखते है, उन्हें वेतनमान सहित उच्चतर पद का प्रभार दिया जाए, अन्यथा अपने ही वेतनमान में कार्यरत अधीक्षण अभियंताओं को मुख्य अभियंता पद के प्रभार दिया जाय, जिससे मुख्य अभियंता के सभी पद पर पदाधिकारी कार्यरत हो। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक उपभाग में मुख्य अभियंता का दायित्व सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यो के त्वरित गति से निष्पादन हेतु इन पदों का शीघ्र भरा जाना आवश्यक है।
पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि गैर संवर्गीय पदों पर पदस्थापित पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा भी की जा रही है। बहुत सारे पदाधिकारी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड में कई वर्षों से पदस्थापित है। उनके कार्यों की भी समीक्षा की जा रही है। समीक्षा के आधार पर उन्हें गैर संवर्गीय पदों पर बनाये रखने अथवा उनके स्थान पर पथ निर्माण विभाग से दूसरे पदाधिकारियों की सेवा पदस्थापन के लिए उपलब्ध कराए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी विभागों में नियुक्तियां हो रही- Vijay Sinha
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कनीय अभियंता के पदों पर एक साथ लगभग 500 नियुक्तियां हुई है, जिससे विभाग की कार्य क्षमता बढ़ी है। ये सभी नए अभियंता विभाग की योजनाओं को शीघ्र पूरा करने में अपनी भूमिका निभायेंगे। मैं यह आशा करता हूं। पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि सहायक अभियंता के रिक्त पद पर भी शीघ्र नियुक्ति के लिये विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी विभागों में नियुक्तियां हो रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रगति यात्रा (Pragati Yatra) से विकसित बिहार का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। दूसरी ओर इंडी गठबंधन के लोग जातिवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति में व्यस्त है।