Edited By Swati Sharma, Updated: 10 Nov, 2023 05:40 PM

मोतिहारी जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के पोखनहिया गांव में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से 17 लोग घायल हो गए। वहीं, एक साथ इतने लोगों के घायल होने के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। घटना में घायल सभी लोगों का इलाज बेतिया में चल रहा है।
मोतिहारी: मोतिहारी जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के पोखनहिया गांव में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से 17 लोग घायल हो गए। वहीं, एक साथ इतने लोगों के घायल होने के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। घटना में घायल सभी लोगों का इलाज बेतिया में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पोखनहिया गांव के रहने वाले अच्छे लाल के घर पर गैस सिलेंडर में लीकेज हो रही थी, जिसे ठीक करवाने के लिए उन्होंने एक मिस्त्री को बुलाया था। वहीं, गैस सिलेंडर को घर के बाहर निकाल दिया गया, लेकिन कमरे में गैस भरा हुआ था, तभी घर की एक महिला ने कमरे में माचिस की तिल्ली जला दी, जिससे आग लग गई। इसी दौरान बाहर रखे हुए सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली और देखते देखते सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिसमें 17 लोग घायल हो गए।
घायलों में रामगढ़वा प्रखंड के पोखनहिया गांव निवासी अच्छे लाल की पत्नी, गंगामाती देवी, सोनू कुमार, काजल कुमारी, कन्हैया कुमार, संजू कुमारी, विनोद शाह, अंजू कुमारी, मिथलेश शाह, सोनम देवी, प्रदीप कुमार, जोधा शाह, विनीता कुमारी, साक्षी कुमारी सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी लोगों का इलाज बेतिया में चल रहा है। इधर, घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल है।