Edited By Swati Sharma, Updated: 16 Sep, 2023 04:51 PM

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जिस श्रीरामचरित मानस पर सदियों से राम-भक्त हिंदुओं की आस्था है, उस पर शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर का बार-बार अनर्गल बयान देना विपक्षी गठबंधन के सनातन...
पटना: बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जिस श्रीरामचरित मानस पर सदियों से राम-भक्त हिंदुओं की आस्था है, उस पर शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर का बार-बार अनर्गल बयान देना विपक्षी गठबंधन के सनातन धर्म विरोधी एजेंडे का हिस्सा है।
'ये बयान बिहार में महागठबंधन के लिए ही सायनाइड होंगे साबित'
मोदी ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के इशारे पर जगदानंद सिंह और चंद्रशेखर ऐसे विद्वेषपूर्ण बयान दे रहे हैं। ये बयान बिहार में महागठबंधन के लिए ही सायनाइड साबित होंगे। उन्होंने कहा कि हिम्मत है, तो मंत्री किसी दूसरे धर्म ग्रंथ पर टिप्पणी करके देखें। भाजपा सांसद ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजद का एक नेता तिलक लगाने वालों को‘देशद्रोही'बता रहा है, तो इनका एक मंत्री हिंदी दिवस पर हिंदी साहित्य के महत्वपूर्ण भक्ति काव्य को 'पोटाशियम सायनाइड' (विष) बता रहा है।
'शिक्षा मंत्री को तत्काल किया जाना चाहिए बर्खास्त'
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री चंद्रशेखर के सार्वजनिक भाषणों की 'हेट-स्पीच हिस्ट्री' को देखते हुए उन पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए और उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। मोदी ने कहा कि देश के 14 लोकप्रिय टीवी एंकरों का बहिष्कार करने का विपक्षी गठबंधन का निर्णय बताता है कि कांग्रेस आज भी आपातकाल की मानसिकता में जी रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जनता दल यूनाइटेड (जदयू), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) समेत 26 गैर-भाजपा दल यदि गलती से भी सत्ता में आ गए, तो प्रेस की आजादी खतरे में पड़ जाएगी।