Edited By Ramanjot, Updated: 14 Mar, 2026 04:08 PM

अमनौर से वापस लौटते हुए शिक्षक लगभग दो दर्जन से ज्यादा छात्रों को वहीं छोड़ कर निकल लिए
Chhapra News: बिहार में सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय के छात्रों को परिभ्रमण पर ले गए शिक्षक उन्हें बीच रास्ते में ही छोड़ कर वापस लौट गए और बाद में पुलिस की पहल पर उन्हें गंतव्य स्थल तक पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार सनौली गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को लेकर विद्यालय शिक्षक मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण कार्यक्रम के तहत पड़ोसी जिले वैशाली के ऐतिहासिक स्थल दर्शन के लिए गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थल के दर्शन के लिए रुके। सूत्रों ने बताया कि अमनौर से वापस लौटते हुए शिक्षक लगभग दो दर्जन से ज्यादा छात्रों को वहीं छोड़ कर निकल लिए, जिसके बाद छात्रों ने अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों से मोबाइल फोन पर बात करने की कोशिश की, लेकिन किसी भी शिक्षक या प्रधानाचार्य से बात नहीं होने पर सभी छात्र पैदल अमनौर बाजार पहुंचे।
यह भी पढ़ें- जहरीली शराब का कहर! 5 लोगों की मौत से मचा हड़कंप, 10 की हालत गंभीर
सूत्रों ने बताया कि एक होटल संचालक ने भूखे छात्रों को कुछ खिलाने के बाद मामले की सूचना अमनौर थाना प्रभारी को दी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अमनौर थाना प्रभारी ने इस बात की सूचना मशरक थाना प्रभारी को दी। सूत्रों ने बताया कि थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को दी और इस मामले में पहल करते हुए सभी छात्रों को बस से उनके गंतव्य स्थान पर भेजा गया। घटना की सूचना मिलने पर मशरक के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।