Edited By Ramanjot, Updated: 01 Sep, 2026 05:59 PM

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस आरक्षण को समाप्त करना चाहते हैं। राजद नेता ने कहा, ''पासवान और मांझी दोनों सरकार में शामिल हैं।
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्रियों चिराग पासवान और जीतन राम मांझी को अपनी सुरक्षित संसदीय सीट छोड़कर सामान्य श्रेणी के निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य से ताल्लुक रखने वाले दोनों राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) नेताओं पर ''भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के इशारे पर आपसी बयानबाजी करने'' का आरोप लगाया।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस आरक्षण को समाप्त करना चाहते हैं। राजद नेता ने कहा, ''पासवान और मांझी दोनों सरकार में शामिल हैं। इसके बावजूद वंचित जातियों के लिए आरक्षण कोटा बढ़ाने की पहल करने के बजाय वे विरोधाभासी बयान दे रहे हैं।'' उन्होंने आरोप लगाया, ''दोनों नेता भाजपा और आरएसएस के हाथों की कठपुतलियां प्रतीत हो रहे हैं। अगर ऐसा है, तो वे अपनी सुरक्षित सीट छोड़ें और सामान्य श्रेणी के निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़कर दिखाएं।'' दलितों के सबसे वंचित वर्गों के लिए उप-कोटा लागू करने की वकालत करने वाले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक जीतन राम मांझी और इस विचार का कड़ा विरोध कर रहे चिराग पासवान के बीच जबानी जंग छिड़ी हुई है।
तेजस्वी ने आरोप लगाया, ''भाजपा के सभी सहयोगी, चाहे मांझी हों, पासवान हों या फिर अन्य राज्यों में ओम प्रकाश राजभर और रामदास अठावले जैसे नेता। ये सभी आरक्षण को खत्म करने की आरएसएस की कोशिशों के सामने मूकदर्शक बने हुए हैं। हालांकि, हम ऐसा कतई नहीं होने देंगे।'' पूर्व उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब राजद बिहार में सत्ता में शामिल था, ''तब हमने तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वंचित जातियों के लिए आरक्षण 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 65 प्रतिशत करने के लिए बाध्य किया था।''