Edited By Khushi, Updated: 14 Mar, 2026 03:05 PM

Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले से एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता ने शादी की विदाई के तुरंत बाद सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचकर शिक्षा को प्राथमिकता दी। लाल जोड़े में सजी दुल्हन को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। यह नजारा...
Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले से एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता ने शादी की विदाई के तुरंत बाद सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचकर शिक्षा को प्राथमिकता दी। लाल जोड़े में सजी दुल्हन को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। यह नजारा शिक्षा और बेटियों के हौसले का प्रतीक बन गया।
लोगों ने खास पल को अपने मोबाइल में कैद कर लिया
डिग्री कॉलेज, मणिका के शिक्षक मनीष तिवारी ने बताया कि 12 मार्च की सुबह शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई हुई। उसी दिन बीए फर्स्ट सेमेस्टर की पॉलिटिकल साइंस परीक्षा चल रही थी। विदाई के तुरंत बाद दुल्हन अपने पति के साथ कार में बैठकर परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हो गई। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन की कार कॉलेज परिसर में पहुंची, वहां मौजूद परीक्षार्थियों और स्थानीय लोगों की नजरें उस पर टिक गईं। हाथों में मेहंदी और माथे पर सिंदूर के साथ दुल्हन को देखकर हर कोई हैरान रह गया। कई लोगों ने इस खास पल को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
दुल्हन पूरी तरह आत्मविश्वास से भरी नजर आई
कॉलेज परिसर में यह नजारा कौतूहल का विषय बन गया। भीड़ बढ़ी तो पुलिस ने व्यवस्था बनाए रखी और सभी परीक्षार्थियों को बिना किसी परेशानी के परीक्षा देने की सुविधा सुनिश्चित की। इस दौरान दुल्हन पूरी तरह आत्मविश्वास से भरी नजर आई। उसने भीड़ और हलचल पर ध्यान नहीं देते हुए सीधे परीक्षा कक्ष में प्रवेश किया और परीक्षा देने में जुट गई। वहीं उसका पति परीक्षा केंद्र के बाहर इंतजार करते रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना समाज के लिए सकारात्मक संदेश देती है कि शादी जैसी बड़ी जिम्मेदारी के बीच भी पढ़ाई को महत्व देना जरूरी है। इस नवविवाहिता ने यह साबित कर दिया कि जीवन के हर महत्वपूर्ण मोड़ पर शिक्षा का महत्व सबसे ऊपर है।