Edited By Khushi, Updated: 26 Mar, 2026 11:35 AM

Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर स्वर्ण दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यवसायियों में डर और नाराजगी बढ़ती जा रही है।
Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर स्वर्ण दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यवसायियों में डर और नाराजगी बढ़ती जा रही है।
90 लाख रुपये के आभूषण चोरी
जिले में अज्ञात चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। चोर लगातार सोने-चांदी की दुकानों को निशाना बना रहे हैं और पुलिस अब तक उन्हें पकड़ नहीं पाई है। जिले में अब तक तीन बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें करीब 90 लाख रुपये के आभूषण चोरी हो चुके हैं। ताजा मामला कांडी थाना क्षेत्र का है। यहां मुख्य बाजार के नैनाबार मार्ग पर स्थित ‘अजय ज्वेलर्स एंड बर्तन’ दुकान में चोरों ने रात में शटर तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चुरा लिए।
इन घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में डर और गुस्सा
सुबह जब दुकान मालिक अजय सोनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का हाल देखकर हैरान रह गए। इससे पहले एक ग्रामीण ने उन्हें फोन कर बताया था कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। दुकान के अंदर जाकर देखा गया कि चोरों ने अलमारी तोड़कर सारे कीमती जेवरात चोरी कर लिए। दुकानदार के अनुसार, चोर पहले से उनकी दुकान पर नजर रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर 2025 की रात को भी चोरी की कोशिश हुई थी, लेकिन तब चोर सफल नहीं हो पाए थे। इस बार उन्होंने पूरी योजना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
इससे पहले बिशुनपुरा में करीब 50 लाख और गढ़वा शहर में करीब 30 लाख रुपये के गहनों की चोरी हो चुकी है। इन मामलों में भी पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में डर और गुस्सा है। उन्होंने पुलिस से जल्द चोरों को पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।