Edited By Khushi, Updated: 14 Mar, 2026 10:25 AM

Jharkhand Weather: झारखंड में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में हीट वेव की चेतावनी भी जारी की है, जबकि...
Jharkhand Weather: झारखंड में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में हीट वेव की चेतावनी भी जारी की है, जबकि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि 15 मार्च के बाद मौसम में बदलाव और हल्की बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
तीन दिनों में तापमान में बढ़ोतरी
राज्य में मार्च के पहले पखवाड़े में ही गर्मी का असर साफ दिखने लगा है। रांची सहित राज्य के कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के करीब 10 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है और कई जगहों पर तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 3.8 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान और बढ़ सकता है और राजधानी रांची में पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
तापमान सामान्य से ज्यादा रहने और गर्म हवाएं चलने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र ने 14 और 15 मार्च को राज्य के सात जिलों में हीट वेव चलने की चेतावनी दी है। इनमें पलामू, चतरा, लातेहार, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन जिलों में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने और गर्म हवाएं चलने की संभावना है। सरायकेला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं बोकारो में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पलामू और कोल्हान क्षेत्र में गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
15 से 19 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च के बाद राज्य के मौसम में बदलाव हो सकता है। 15 से 19 मार्च के बीच कई जिलों में आंशिक बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवा, गरज और वज्रपात भी हो सकता है। 18 और 19 मार्च को रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश होने से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मार्च के आखिरी सप्ताह में फिर से हीट वेव की स्थिति
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार से दक्षिण ओडिशा तक बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसके साथ ही एंटी-साइक्लोन की सक्रियता, सूखी और गर्म हवाओं का बहाव और पश्चिमी विक्षोभ की कमी के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। फरवरी में लगभग बारिश नहीं होने और आसमान साफ रहने के कारण इस बार गर्मी सामान्य से पहले शुरू हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फिलहाल कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन मार्च के आखिरी सप्ताह में फिर से हीट वेव की स्थिति बन सकती है।