Edited By Ramanjot, Updated: 03 Sep, 2026 11:30 AM

पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान उसी गांव के निवासी गंगू उरांव (43) के रूप में हुई है। इस घटना के सिलसिले में उसकी पत्नी फगनी देवी (38) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गुमला: झारखंड के गुमला जिले में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात टोतो चौकी क्षेत्र के फोरी अंबाटोली गांव में हुई।
पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान उसी गांव के निवासी गंगू उरांव (43) के रूप में हुई है। इस घटना के सिलसिले में उसकी पत्नी फगनी देवी (38) को गिरफ्तार कर लिया गया है। टोतो चौकी के प्रभारी अधिकारी कुंदन कुमार ने बताया, "विवाद के बाद व्यक्ति की उसकी पत्नी ने हत्या कर दी। घटना वाले दिन उरांव शराब के नशे में घर पहुंचा और देवी से पूछा कि वह खेत से मवेशियों को घर क्यों नहीं लाई है। वह सो रही थी, इसलिए उसने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई।
गुस्से में देवी ने उसे डंडे से पीट दिया। वह जमीन पर गिर गया और उसका सिर एक पत्थर से टकरा गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।" उन्होंने बताया कि पुलिस ने डंडे और खून से सने पत्थर को जब्त कर लिया है। कुमार ने बताया कि इस घटना के संबंध में मृतक की बेटी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।