Edited By Khushi, Updated: 12 Mar, 2026 12:02 PM

Jharkhand News: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। इन अफवाहों के कारण झारखंड के गढ़वा जिले में लोग घबराकर बड़ी मात्रा में ईंधन खरीदने लगे हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया...
Jharkhand News: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। इन अफवाहों के कारण झारखंड के गढ़वा जिले में लोग घबराकर बड़ी मात्रा में ईंधन खरीदने लगे हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से पंप संचालकों में हड़कंप
जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी की अफवाह फैलने के बाद कई पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। जैसे ही कमी की खबरें फैलनी शुरू हुईं, लोग ज्यादा मात्रा में पेट्रोल, डीजल और गैस जमा करने के लिए पंपों और गोदामों पर पहुंचने लगे। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। एसडीएम ने कई पेट्रोल पंपों पर छापेमारी कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पंप संचालकों में हड़कंप मच गया।
"किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें"
इस मामले पर गढ़वा के उपायुक्त (डीसी) ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। डीसी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में युद्ध जरूर चल रहा है, लेकिन देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि देश में इन जरूरी ईंधनों का करीब आठ सप्ताह का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसलिए लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।
डीसी ने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति पेट्रोल, डीजल या एलपीजी गैस का अवैध रूप से भंडारण करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदा जैसी स्थिति में मुनाफा कमाने या मौका तलाशने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।