Edited By Khushi, Updated: 18 Mar, 2026 12:29 PM

Jharkhand Weather: रांची समेत आसपास के इलाकों में अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। हल्की बारिश, ओलावृष्टि और तेज ठंडी हवाओं से तापमान गिर गया है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
Jharkhand Weather: रांची समेत आसपास के इलाकों में अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। हल्की बारिश, ओलावृष्टि और तेज ठंडी हवाओं से तापमान गिर गया है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
कई लोगों ने फिर से निकाले कंबल
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आई है। देर शाम 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी। मौसम ठंडा होने पर कई लोगों ने फिर से कंबल निकाल लिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 18, 19 और 20 मार्च तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 21 और 22 मार्च को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। 18 मार्च को राज्य के ज्यादातर जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलेंगी।
कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। कुछ जगहों जैसे नामकुम, इटकी और धनबाद में ओलावृष्टि भी हुई। सबसे ज्यादा 37.2 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम के गुराबंधा में दर्ज की गई। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और खूंटी में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की दी सलाह
रांची में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 19 से 21 मार्च तक राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश, तेज हवा (40-50 किमी/घंटा) और बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इस स्थिति को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। खासकर तेज हवा और बिजली गिरने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी दी गई है।