Edited By Khushi, Updated: 03 Apr, 2026 04:49 PM

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला वन क्षेत्र अंतर्गत बंदा, मुरपा और धोरधोरिया गांवों में शुक्रवार सुबह जंगली हाथियों के हमले से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल...
Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला वन क्षेत्र अंतर्गत बंदा, मुरपा और धोरधोरिया गांवों में शुक्रवार सुबह जंगली हाथियों के हमले से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदा क्षेत्र में ईंट भट्ठा पर काम कर रहे तालाटांड पतरातू निवासी 25 वर्षीय धीरज भुइयां और कुजू निवासी 25 वर्षीय युगल भुइयां पर हाथियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। दोनों को कुचलकर मौके पर ही मार डाला गया। इसी दौरान महुआ चुन रहे 70 वर्षीय श्याम देव साहू भी हाथियों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि धीरज भुइयां अपने पीछे पत्नी सहित दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। वहीं, धोरधोरिया सुतरी गांव में महुआ चुन रही 74 वर्षीय अदरी देवी को भी हाथी ने पटक कर घायल कर दिया। उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोला में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी वनपाल योगेंद्र कुमार, वनरक्षी मनीष कुमार शर्मा, दीपक सिंहा और निलेश पोद्दार ने घटनास्थल का जायजा लिया। वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी है, जबकि शेष 3.75 लाख रुपये पोस्टमाटर्म रिपोर्ट और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने की बात कही गई है। वहीं, ईंट भट्ठा संचालक ने भी मृतकों के परिजनों को 40-40 हजार रुपये देने की घोषणा की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है और उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।