Edited By Khushi, Updated: 12 Mar, 2026 12:41 PM

Jharkhand News: झारखंड के गुमला जिले में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग जगहों पर हुई पांच घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं में मारपीट, आत्महत्या, नदी में डूबना और हादसे शामिल हैं। लगातार हुई इन मौतों से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है और लोगों...
Jharkhand News: झारखंड के गुमला जिले में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग जगहों पर हुई पांच घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं में मारपीट, आत्महत्या, नदी में डूबना और हादसे शामिल हैं। लगातार हुई इन मौतों से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है और लोगों में डर का माहौल है।
मारपीट में घायल बुजुर्ग की मौत, आरोपी गिरफ्तार
जारी थाना क्षेत्र के डेवीडीह गांव में मारपीट की घटना में 85 वर्षीय सदरक बेक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 13 फरवरी को गांव के तालाब के पास इजिकील बाड़ा नामक युवक ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसे से मारपीट की। इस हमले में बुजुर्ग की कमर और हाथ की हड्डी टूट गई थी। इलाज के दौरान मंगलवार शाम उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
युवक ने घर में फांसी लगाकर दी जान
घाघरा थाना क्षेत्र के दोदांग गांव में सिकंदर उरांव नाम के युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार वह रात में अपने कमरे में सोने गया था। कुछ देर बाद कमरे से आवाज आने पर जब दरवाजा खोला गया तो वह छप्पर में लगे पाइप से फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नदी में नहाने गया व्यक्ति डूबा
सिसई प्रखंड के पुसो थाना क्षेत्र के अरको महुआटोली गांव निवासी 55 वर्षीय रूसवा उरांव की नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि वह सुबह नहाने के लिए गांव के पास बहने वाली आकरी नदी गया था। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने नदी में उनका शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुएं में गिरने से किसान की मौत
बसिया थाना क्षेत्र के कलिगा गांव निवासी 30 वर्षीय अमित सुरीन की कुएं में गिरने से मौत हो गई। वह घर के पास स्थित कुएं से बाड़ी में पानी दे रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गया। ग्रामीणों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इमली तोड़ते समय पेड़ से गिरा युवक
बसिया थाना क्षेत्र के डोलंगसेरा गांव में तिनतुस टेटे (38) इमली तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान डाल टूटने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया जिससे उसकी मौत हो गई।