Edited By Ramanjot, Updated: 01 Feb, 2026 01:12 PM

बेगूसराय के मोहनपुर गांव में बीएससी नर्सिंग छात्र प्रियांशु राज की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रविवार रात हुई, जब वह परीक्षा देने के बाद घर लौटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मौके से तीन खोखा, बाइक व मोबाइल बरामद...
Begusarai News : बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय जिले से सामने आया है, जहां बीएससी नर्सिंग के एक छात्र की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव की। मृतक की पहचान 22 वर्षीय पुत्र प्रियांशु राज के रूप में हुई है, जो बीएससी नर्सिंग का छात्र था। बताया जा रहा है कि प्रियांशु हाल ही में पटना से परीक्षा देकर घर लौटा था। वह अभी घर पहुंचा ही था कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा, एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। परिजनों का आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। उनका कहना है कि प्रियांशु का कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा था और उसे लगातार धमकियां भी मिल रही थीं। वहीं पुलिस गंभीरता से इस मामले की जांच में जुट गई है।
वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।