Edited By Ramanjot, Updated: 17 Oct, 2026 06:06 PM

नीतीश कुमार ने आज गया के केदारनाथ माकेर्ट में दुर्गापूजा के अवसर पर बिहार में वर्ष 2005 से 2025 के दौरान उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में हुए विकास कार्यों पर आधारित चार दिवसीय ‘20 साल बेमिसाल' प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
गया: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि विकसित और समृद्ध बिहार ही उनके जीवन का उद्देश्य रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने 20 वर्षों के कार्यकाल की हर उपलब्धि वह बिहारवासियों के प्रेम और विश्वास को समर्पित करते हैं। करोड़ों बिहारवासियों का भरोसा ही उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
नीतीश कुमार ने आज गया के केदारनाथ माकेर्ट में दुर्गापूजा के अवसर पर बिहार में वर्ष 2005 से 2025 के दौरान उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में हुए विकास कार्यों पर आधारित चार दिवसीय ‘20 साल बेमिसाल' प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। जदयू के कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में राज्य में पिछले दो दशकों के दौरान हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को चित्रों एवं विभिन्न कलाकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
कुमार ने इस अवसर पर कहा कि वर्ष 2005 में जब उन्हें बिहार की सेवा करने का अवसर मिला, तब राज्य की स्थिति कैसी थी, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने सुशासन और न्याय के साथ विकास के मंत्र के साथ काम शुरू किया। पिछले 20 वर्षों में कई पड़ाव पार किए गए हैं, लेकिन विकास का सफर अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि वर्तमान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार इस सफर को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्हें पूरा विश्वास है कि बिहार आने वाले समय में विकास की कई और ऊंचाइयों को छुएगा।