Edited By Ramanjot, Updated: 16 Apr, 2025 07:50 AM

उत्तर बिहार से होते हुए झारखंड, ओडिशा और आंध्रप्रदेश तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी असम और उससे सटे क्षेत्रों में चक्रवातीय परिसंचरण (Cyclonic Circulation) का प्रभाव देखा जा रहा है।
Bihar Weather Update:उत्तर बिहार से होते हुए झारखंड, ओडिशा और आंध्रप्रदेश तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी असम और उससे सटे क्षेत्रों में चक्रवातीय परिसंचरण (Cyclonic Circulation) का प्रभाव देखा जा रहा है। वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 17 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) असर दिखा सकता है।
बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। वायुमंडलीय नमी (Atmospheric Moisture) में इजाफा और अन्य मौसमी कारकों की वजह से राज्य के पूर्वी जिलों में 19 अप्रैल तक भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज़ हवा चलने की संभावना है। इसके मद्देनज़र ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है।
24 जिलों में येलो अलर्ट, राजधानी पटना भी शामिल
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के भीतर राजधानी पटना समेत कुल 24 जिलों में गरज-तड़क के साथ तेज़ आंधी और बारिश की संभावना है। इस पर येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है। वहीं, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और राज्य के दक्षिण-मध्य हिस्सों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव, बारिश ने दी राहत
अगले पांच दिनों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की उम्मीद है। बीते 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश झाझा, जमुई (Jhajha, Jamui) में 48.6 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं, राजधानी पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 33.6 डिग्री पर आ गया है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री के साथ वाल्मीकि नगर में दर्ज हुआ।