Edited By Ramanjot, Updated: 14 Apr, 2026 05:46 PM

राज्य में आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में 64,759 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए, जिनमें से 57 हजार से अधिक का नामांकन हो चुका है।
Bihar News: शिक्षा का अधिकार कानून (RTI) के तहत राज्य के निजी विद्यालयों में करीब 57 हजार से अधिक बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है। विभाग ने नामांकन करने में उदासीनता बरतने वाले निजी विद्यालय संचालकों को शीघ्र नामांकन करने का आदेश दिया है।
64 हजार से ज्यादा बच्चों को स्कूल आवंटन
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के बच्चों का नामांकन करने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने रैंडमाइजेशन के माध्यम से 64759 बच्चों का नामांकन कराने के लिए निजी विद्यालय आवंटित किए गए थे।
लंबित मामलों पर विभाग सख्त
विभाग के आंकड़ों के अनुसार अबतक राज्य में 57 हजार से अधिक बच्चों का निजी विद्यालयों में नामांकन कराया जा चुका है। वहीं निजी विद्यालयों में शेष बच्चों का नामांकन लंबित रखने को विभाग ने गंभीरता से लिया है। बताया जाता है कि पिछले सप्ताह हुई समीक्षा बैठक में निदेशक प्राथमिक शिक्षा ने संबंधित स्कूल संचालकों को शीघ्र नामांकन दाखिल करने का निर्देश दिया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई ससमय प्रारंभ हो सकें।