Edited By Nitika, Updated: 21 Aug, 2023 08:32 AM

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार ग्रामीण गरीबों को मकान देने की केंद्र सरकार की योजनाएं लागू करने में विफल रही और नए लक्ष्य निर्धारित करने की मांग केवल विफलता...
पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार ग्रामीण गरीबों को मकान देने की केंद्र सरकार की योजनाएं लागू करने में विफल रही और नए लक्ष्य निर्धारित करने की मांग केवल विफलता पर पर्दा डालने के के लिए की जा रही है।
सुशील मोदी ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना (पीएमएवाइ-जी) के तहत मार्च 2024 तक देश भर में 2.95 करोड़ मकान बनने थे। इसमें बिहार को 37 लाख मकान बनाने का लक्ष्य दिया गया था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के मकान बनवाने के लिए नौ साल में अब तक बिहार को 31,275 करोड़ रुपए दिए। इस मद की कोई राशि लम्बित नहीं है, लेकिन राज्य में गरीबों का मकान बनाने का काम लक्ष्य से दूर है।
वहीं भाजपा सांसद ने कहा कि बिहार के नोडल खाते में अब भी 3492.56 करोड़ राशि शेष पड़ी है, जबकि योजना के 1.06 लाख मकानों का निर्माण पूरा नहीं हुआ। इनमें से 60,550 मकान तो पिछले 18 महीनों से अधूरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस साल की पहली छमाही में बिहार सरकार प्रतिदिन केवल 4108 मकान बनवा पाई। बाद में यह दर घट कर 1530 आवास प्रतिदिन रह गई।