आम चुनने गए बच्चों पर गिरी बिजली, 2 की दर्दनाक मौत; एंबुलेंस नहीं मिली तो खाट पर ले जाने पड़े शव

Edited By Ramanjot, Updated: 29 Jun, 2026 11:02 AM

two children die after being struck by lightning in garhwa

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि, शनिवार रात आंधी और तेज बारिश के बाद गांव के एक आम के पेड़ के नीचे बड़ी संख्या में आम गिरे थे।

रांची: झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के दुधवल गांव में आम चुनने गए तीन बच्चे बिजली गिरने की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें अस्पताल से एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं कराई गई। 

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि, शनिवार रात आंधी और तेज बारिश के बाद गांव के एक आम के पेड़ के नीचे बड़ी संख्या में आम गिरे थे। इन्हें चुनने के लिए शाहबाज अंसारी, फैजुन खातून और सुहैल अंसारी पेड़ के पास पहुंचे। इसी दौरान अचानक पेड़ पर वज्रपात हो गया। बिजली गिरते ही तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। शाहबाज अंसारी और फैजुन खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सुहैल अंसारी गंभीर रूप से झुलस गया। उसका इलाज जारी है। 

पूरी रात अस्पताल में पड़े रहे शव
घटना के बाद परिजन किसी तरह तीनों बच्चों को रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि दोनों मृत बच्चों के शव पूरी रात अस्पताल में पड़े रहे। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन अस्पताल प्रशासन की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। मजबूरी में परिजनों को घर से खाट मंगानी पड़ी। दोनों शवों को पहले खाट पर रखकर अस्पताल से बाहर लाया गया और फिर किराए पर पिकअप वाहन की व्यवस्था कर गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान उन्हें किसी भी सरकारी विभाग से कोई सहायता नहीं मिली। 

गांव में शोक का माहौल
इस घटना के बाद दुधवल गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था तथा आपदा के समय मिलने वाली सरकारी सुविधाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ऐसे संकट के समय यदि समय पर एंबुलेंस और आवश्यक सहायता मिलती तो कम से कम उन्हें अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि घायल बच्चे का इलाज जारी है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!