Edited By Rahul Singh, Updated: 04 Nov, 2026 05:38 PM

इसके तहत नदियों से निकाली जाने वाली गाद का उपयोग राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में किया जा सकेगा। सम्राट चौधरी ने कहा, ''मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें बधाई दी। नीतीश कुमार जी लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे और अब उनका सपना साकार...
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना में अपने पूर्ववर्ती नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की और दिल्ली में बिहार जल स्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति, 2026 को अंतिम रूप दिए जाने पर उन्हें बधाई दी। इस नीति का प्रारूप बिहार सरकार, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बीच हुए समझौते के माध्यम से अंतिम रूप दिया गया है।
इसके तहत नदियों से निकाली जाने वाली गाद का उपयोग राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में किया जा सकेगा। सम्राट चौधरी ने कहा, ''मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें बधाई दी। नीतीश कुमार जी लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे और अब उनका सपना साकार हो गया है।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या को देखते हुए यह पहल राज्य के लिए काफी लाभकारी साबित होगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय नदियों से गाद निकलवाएगा और उसका इस्तेमाल सड़कों के निर्माण में किया जाएगा। उन्होंने राज्य में सुशासन स्थापित करने और संगठित अपराध के चंगुल से बिहार को बाहर निकालने का श्रेय भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया। चौधरी ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश कुमार जी के सहयोग से हम बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए काम कर रहे हैं।'' बिहार के मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने नयी दिल्ली में रेल मंत्री से मुलाकात की और दीपावली एवं छठ सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का अनुरोध किया।