Edited By Khushi, Updated: 30 Apr, 2023 03:03 PM

झारखंड के गिरिडीह जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक शादी समारोह में अश्लील गाना बजाने को लेकर दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को बुरी तरह से पीटा, जिसमें दूल्हे के पिता सहित कई घायल हो गए।
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक शादी समारोह में अश्लील गाना बजाने को लेकर दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को बुरी तरह से पीटा, जिसमें दूल्हे के पिता सहित कई घायल हो गए।
दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को जमकर पीटा
मामला जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मुंडराडीह का है। यहां नाजबुन खातून नामक युवती और अशरफ अंसारी नामक युवक की शादी 28 अप्रैल 2023 को शादी तय हुई थी। इस दिन समय पर बारात पहुंची। इस दौरान बाराती डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। दुल्हन के घर जैसे ही बारात पहुंची तभी डीजे पर अश्लील गाना बजना शुरू हो गया। दुल्हन पक्ष वालों ने इस गाने का विरोध किया और डीजे बंद करा दिया। बस फिर तो क्या था इसी बात को लेकर बाराती और दुल्हन पक्ष वालों में नोकझोंक होने लगी। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। फिर दुल्हन पक्ष वालों ने बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। दूल्हे के पिता ने बारातियों के साथ मारपीट का विरोध किया तो उन पर भी डंडे बरसाए गए, जिससे वह घायल हो गए। मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं और इतनी मार खाने के बाद बारात वापिस लौट गई।
समाजसेवियों के समझाने के बाद हुई शादी
घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। वहीं, सूचना पाकर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराया, लेकिन गुस्साए दूल्हा और उसके पिता थाने में पहुंच गए। शनिवार सुबह होते ही दोनों पक्षों की ओर से बेंगाबाद पंचायत समिति सदस्य मो. मिनसर समाजसेवी जैनुल अंसारी कॉन्ग्रेस अभिनेत्री मंजू देवी के अलावा समाज के प्रबुद्ध लोग पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शादी कराई।